भूमिगत पाइप लाइन में फॉल्ट के चलते पानी की किल्लत झेल रहे मोहल्ला आदर्शनगर के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। रमजान के माह में भी पानी का संकट दूर नहीं होने से गुस्साए रोजेदारों ने सड़क पर उतरकर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
रोजेदारों ने समस्या की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पालिका कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है। तहसील मुख्यालय के पीछे स्थित मुहल्ला आदर्शनगर में रहने वालों को जलभराव, गंदगी के साथ ही अब पानी का गंभीर संकट भी झेलना पड़ रहा है।
भूमिगत पानी की पाइप लाइन में काफी पहले हुआ फाल्ट ठीक नहीं हो पा रहा है। रमजान माह में भी पानी का संकट दूर नहीं होने से नाराज रोजेदारों ने सड़क पर उतरकर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर लोगों की परेशानी की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
आरिफ, गुलफाम, इमरान, फरमान, शाहिद, शाह आलम, अख्तर, नूननिशां, हाजी यामीन, आकिल, इब्राहीम, शादी खां, अनवार का कहना है कि भूमिगत लाइन का फॉल्ट ठीक नहीं होने से कई दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है।
रमजान माह में पानी की किल्लत रुला रही है, लेकिन पालिका परेशान हाथ पर हाथ धरे बैठा हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी की समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो पालिका कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
चेयरमैन संगीता पुरुषोत्तम का कहना है कि पाइप लाइन के फाल्ट को लेकर लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पानी की सप्लाई को जल्द से जल्द सुचारू कराया जाएगा।