पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए अब इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। जल्द ही जिले में पूर्व सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र खुलने जा रहा है। इसके लिए संबंधित अधिकारी की नियुक्ति भी हो चुकी है।
दरअसल, जिले में अब तक पूर्व सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र नहीं था। ऐसे में यहां के पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं को लेकर मेरठ जाना पड़ता था। इसके चलते उन्हें आर्थिक क्षति के साथ समय भी बर्बाद होता था।
इससे परेशान पूर्व सैनिकों का संगठन जिले में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र खोलने की मांग कर रहा था। पूर्व सैनिकों की मांग पर तत्कालीन डीएम आरके सिंह ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया।
इसी क्रम में शासन इस प्रस्ताव को हरी झंडी देकर चार बाबुओं के पद भी सृजित किए हैं। मेरठ आर्मी कैंट से जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के पद पर कर्नल विवेक सिंह को यहां स्थानांतरित कर दिया गया है।
बुधवार को कर्नल विवेक सिंह ने डीएम से मिलकर किराए की बिल्डिंग में कार्यालय खुलवाने की मांग की है। इस पर डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित सरस्वती एंकलेव में कार्यालय का प्रस्ताव आया है, जल्द ही इस पर सहमति बन जाएगी।