एक सप्ताह से बिजली की किल्लत झेल रहे नया बांस के ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। फुंका ट्रांसफार्मर न बदलने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया। एसडीओ को ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
गढ़ क्षेत्र के गांव नयाबांस के दर्जनों ग्रामीण बुधवार को गढ़ तहसील मुख्यालय पर एकत्र हुए। ग्रामीण गेंदा सिंह और ओमपाल सिंह के नेतृत्व में पहुंचे गांव वालों ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गांव में लगा ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। कई बार बिजली निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों की हीलाहवाली के कारण गांव के लोग गर्मी और अंधेरे में दिक्कतें झेल रहे हैं।
बिजली न आने से चारे की भी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने एसडीओ को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण बिजलीघर में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन करने वालों में ज्ञान सिंह, रविंद्र कुमार, सोनू कुमार, गुड्डू, जीत, राम सिंह, भूप सिंह, राजेंद्र, जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में एसडीओ जीपी शर्मा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी दो दिन पहले मिली थी। स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध है। कागजी कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार तक गांव में ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।