नगर के चैनापुरी मोहल्ला में गंदगी का आलम है। ईद पर भी इस मोहल्ले में साफ-सफाई नहीं हो सकी है। भयंकर बदबू के चलते मोहल्ले के लोगों का सुख चैन छीन गया है। परेशान लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की लापरवाही से उनका जीना दुश्वार हो गया है। चारों तरफ गंदगी का आलम है। नालियां गंदगी से चोक पड़ी हैं। कूड़े से निकल रहे बदबू से घरों में भी रहना मुश्किल हो रहा है।
कई बार पालिका परिषद के अफसरों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन समस्या जस की तस है। दिलचस्प बात यह है कि उक्त मोहल्ला नगर पालिका अध्यक्ष के आवास से महज 300 मीटर की दूरी पर है, फिर भी यहां घोर अनदेखी की जा रही है।
परेशान लोगों ने जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर असलम, वहीद, रफीक, सुलेमान, सलमान, रहीस, रमेश चंद, राकेश, शिवकुमार, चांद मोहम्मद मौजूद रहे।
उधर, नगर के मोहल्ला सिकंदर गेट के पास से नाले की सफाई नहीं होने से लोग परेशान है। लोगों का कहना है कि बरसात से पूर्व नाले की सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ सकता है।
मोहल्ला सिकंटर गेट में घरों के बीच से नाला गुजर रहा है।
जिसकी सफाई न होने के कारण नाला गंदगी से चोक हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी समय से नाले की सफाई नही की गई है, जिसके परिणामस्वरूप नाले से निकलने वाला दुर्गंध लोगों को परेशान कर रखा है।
उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी नाला साफ करने के लिए उनसे सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। मोहल्ला निवासी सुल्तान अहमद ने बताया कि पालिका अफसरों से शिकायत के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।