कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड पर प्रेमी युगल ने बातचीत के दौरान एक दूसरे पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। इस बीच वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने समझा बुझाकर दोनों को शांत कर घर भेजा। पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
मंगलवार की दोपहर मेरठ रोड पर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास एक युवक व एक युवती पहुंचे। वहां दोनों बातचीत करने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लगभग आधा घंटा बात हुई। इसी बीच आपस में किसी बात को लेकर बहस हुई तो दोनों एक दूसरे पर भड़कने लगे।
चीखते हुए युवक ने युवती के गाल पर थप्पड़ मार दिया, जवाब में युवती ने भी थप्पड़ मार दिया। उसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। काफी हंगामा होने पर आसपास मौजूद दुकानदार व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
भीड़ ने दोनों को समझा बुझाकर शांत किया। उसके बाद दोनों अपने अपने घर के लिए चले गए। पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है। ये पूरा मामला लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सीओ विशाल यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं आया है। लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।