पिलखुवा में श्रीमद्भागवत कथा कहते कथा व्यास। संवाद
पिलखुवा। रेलवे रोड स्थित बाल मुकुंद धर्मशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन हुआ, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति में डूब गए और पूरे परिसर में श्रद्धा का माहौल बन गया।
कथा व्यास आचार्य राजेंद्र पांडे ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण का महत्व बताते हुए धर्म और आस्था का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि जब भी पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं और बुराई का अंत करते हैं। कथा के दौरान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल की लीलाओं का भी विस्तार से वर्णन किया गया। गोवर्धन पर्वत उठाने का प्रसंग सुनाकर उन्होंने बताया कि भगवान ने अपनी छोटी उंगली पर पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। कथावाचक ने कहा कि सच्चे विश्वास और भक्ति से भगवान अपने भक्तों की हर संकट में रक्षा करते हैं और कभी उन्हें निराश नहीं करते। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों पर झूमते नजर आए और पूरे वातावरण में भक्ति की गूंज बनी रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।