हापुड़। ट्रेनों का बिगड़ा संचालन सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से छह घंटे और ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस तीन घंटे 30 मिनट देरी से रेलवे स्टेशन आई। इनके अलावा भी अन्य ट्रेनों का संचालन बिगड़े रहने से रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाराणसी से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से छह घंटे, प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली को जा रही पद्मावत एक्सप्रेस तीन घंटे 30 मिनट, मुरादाबाद से गाजियाबाद को जाने वाली मेमू ट्रेन तीन घंटे 15 मिनट, प्रयागराज संगम से सहारनपुर जंक्शन जा रही नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे 30 मिनट, लालगढ़ जंक्शन से डिब्रूगढ़ जंक्शन जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन आई।
मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि ट्रेनों का संचालन पीछे से ही देरी से होने के कारण गंतव्य को भी देरी से पहुंच रही हैं। संचालन में सुधार के प्रयास लगातार जारी हैं।