अब दिल्ली रोड स्थित द्वारिका धाम कालोनी की भूमि का उपयोग आवास बनाने में किया जा सकेगा। प्रदेश शासन ने अधिसूचना जारी कर इस जमीन का भू उपयोग कार्यालय से परिवर्तित कर आवासीय कर दिया है। इससे यहां भूखंड खरीदने वालों को राहत मिल गई है।
द्वारिका धाम कालोनी को विकसित करने वाले आकार डेवलपर के डायरेक्टर मनोज सिंघल और गौरव चौधरी ने बताया कि द्वारिका धाम कालोनी के परिसर में आने वाले खसरा नंबरों और क्षेत्रफल का पहले भू उपयोग कार्यालयी था।
इस कारण एचपीडीए से स्वीकृत ले आउट में इसका भू उपयोग भी कार्यालय ही दर्ज है। उन्होंने बताया कि बाद में इस भू क्षेत्र को आवासीय में किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
तमाम प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश शासन के आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग के संयुक्त सचिव जेपी सिंह ने द्वारिका धाम कालोपी में आने वाले सभी खसरा नंबरों की भूमि का भू उपयोग कार्यालय से परिवर्तित कर आवासीय करने की अधिसूचना 20 अप्रैल को जारी की है।
अब प्राधिकरण से पूर्व में स्वीकृत मानचित्र को नियमानुसार परिवर्तित कराया जाएगा। इससे इस कालोनी में भूखंड खरीदने वालों को राहत मिलेगी। ज्ञात हो कि द्वारिका धाम कालोनी 68000 वर्ग मीटर पर विकसित है।
पार्क, ग्रीन बेल्ट, रोड लाइट, पेयजल की सुविधा, सड़क, सीवर और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की गई है और कालोनी का एक ही गेट है। दिल्ली रोड और डीपीएस से काफी नजदीक है।