गर्मी के कारण खाली पड़ी गढ़ रोड। संवाद
हापुड़। सूरज की तपिश दिनों दिन बढ़ती जा रही है। रविवार को दोपहर के समय गर्म हवाओं और गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के चलते लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
सुबह से ही सूरज की किरणें चुभने लगी थीं और जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी का असर और बढ़ता गया। दोपहर में गर्म हवा ने हालात और मुश्किल बना दिए। रविवार को अवकाश होने के बाद लोग घरों में कैद होने को मजबूर रहे। तेज गर्मी के कारण सड़कों और बाजारों में आम दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखने को मिली। लोग सिर पर कपड़ा, आंखों पर चश्मा और हाथ में पानी की बोतल लेकर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।
जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे छांव की तलाश करते नजर आए। राहगीर पेड़ों, बस स्टॉप और दुकानों के बाहर खड़े होकर राहत पाने की कोशिश करते दिखे। गर्मी के चलते सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और ठेला लगाने वालों को उठानी पड़ी। रविवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़त के साथ 36 डिग्री पहुंच गया। रात के तापमान में भी एक डिग्री की बढ़त हुई और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार ने बताया कि रविवार को आर्द्रता 36 फीसदी रही, जबकि दोपहर में करीब आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा साथ ही सूरज की तपिश और तापमान बढ़ने से गर्मी का सितम भी बढ़ेगा।