करंट के कारण गांव गंदू नंगला में मकान में आई दरार। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नंगलाबड़ में हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
हादसे के बाद परिवार में अफरातफरी मच गई, वहीं घर के सभी बिजली उपकरण भी फुंक गए। मकान को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के प्रति रोष व्याप्त है।
गांव निवासी हसन ने बताया कि रविवार की शाम को उनकी बेटी रुकैया छत पर खेल रही थी। इसी दौरान उसके हाथ में सीलिंग फैन के कंडेंसर की पन्नी उड़कर पास से गुजर रही एचटी लाइन से टकरा गई।
लाइन अत्यधिक नजदीक होने के कारण उनकी बेटी करंट की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बच्ची को मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि करंट से घर में लगे टीवी, फ्रिज, एलईडी, बिजली बोर्ड और मीटर सहित लगभग सभी उपकरण जलकर खराब हो गए। तेज करंट के कारण मकान के कई हिस्सों में दरारें भी आ गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एचटी लाइन बेहद नीचे और घरों के करीब से गुजर रही है, जिससे पहले भी कई बार खतरा पैदा हो चुका है।