काठमांडू में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय यूथ गेम्स में हापुड़ के गांव ततारपुर निवासी शिवम चौधरी ने झंडा गाड़ दिया है। इस प्रतियोगिता में उसने विदेशी धावकों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता है। प्रतियोगिता आयोजकों ने शिवम को बेस्ट एथलेटि के पुरस्कार से भी नवाजा।
गांव ततारपुर निवासी शिवम चौधरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता काठमांडू में 7 से 11 मई तक आयोजित हुई थी। उसने 100 मीटर की दौड़ में प्रतिभाग किया था। इस प्रतियोगिता में श्रीलंका, भूटान, नेपाल, दुबई समेत कई देशों के खिलाडिय़ों ने प्रतिभाग किया था।
उसने बताया कि कई चरण में हुई प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबले में उसने 100 मीटर की दौड़ 10.85 सैकेंड में पूरी कर परचम लहराया। उन्होंने बताया कि काठमांडू में यह प्रतियोगिता तीसरी बार आयोजित हुई है, उनका प्रदर्शन अभी तक सर्वश्रेष्ठ रहा है।
यूपी टेक्नीकल इंजार्च और कोच फारूक अली ने बताया कि काठमांडू यूथ गेम्स के आयोजकों ने शिवम चौधरी को बेस्ट एथलेटि चुना है। इसके लिए उसका चयन काठमांडू में ही 5-10 जून तक चलने वाली ऑपन इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
बेटे की उपलब्धि पर उसके पिता रविंद्र सिंह काफी उत्साहित हैं। बधाई देने वालों का घर में तांता लगा हुआ है। शिवम चौधरी का कहना है कि उसका सपना देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है।