बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव जखैड़ा रहमतपुर में बृहस्पतिवार को एक किसान के खेत में अजगर निकलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को अपने कब्जे में ले लिया।
किसान मुकेश ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह खेतों में खड़ी ईंख की फसल कटवा रहे थे। इस दौरान मजदूरों को फसल के बीच एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर देखते ही मजदूरों और किसानों में अफरा-तफरी मच गई।
शोर शराबा सुनकर आस-पास खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अजगर पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन विफल होने पर वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर पर काबू पाया। प्रभारी वन रेंजर अशोक कुमार ने बताया कि अजगर को घने जंगल में छोड़ दिया गया है।