संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा में बच्चों के विवाद में कुछ लोगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पति की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी मेंहदीहसन ने बताया कि वह मूलरूप से गांव हुसैनी शरीफ जिला पूर्वी चंपारण बिहार के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ गांव पिपलैड़ा के मुगल गार्डन मोहल्ले में रह रहे हैं। 25 फरवरी की रात लगभग साढ़े आठ बजे पड़ोसी कासिद व उनके बच्चों में कहासुनी के बाद गाली गलौज हो गई थी।
उन्होंने आरोपी कासिद से अपने बच्चों को समझाने की बात कही थी। इस पर आरोपी अपने साथ डॉक्टर फिरोज व मोहम्मद कुर्बान को लेकर उनके घर आ गए। इस दौरान आरोपी कासिद, कयामुद्दीन, मनव्वर अंसारी व सहजादी खातून ने लाठी-डंडों से उन पर व उनकी गर्भवती पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में वह व उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर यहां से चले गए।
इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर थाने पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दोनों को मेडिकल भी करा दिया था। अधिक चोटें लगने के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आ सके थे।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर पर कासिद, कयामुद्दीन, मनव्वर व सहजादी खातून के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।