हापुड़। नगर पालिका गढ़मुक्तेश्वर द्वारा करीब 1.10 करोड़ रुपये से गढ़-ब्रजघाट में दो मुख्य नालों का निर्माण कराया जाएगा। नालों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे सैकड़ों घरों की जलनिकासी की समस्या का समाधान हो सकेगा।
पालिका द्वारा जलनिकासी योजना के अंतर्गत निकाय को अवमुक्त और प्राप्त धनराशि से दो नालों का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन माह में निर्माण कार्य को पूरा करना होगा।
जिन क्षेत्रों में आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा, वहां पर अभी जलनिकासी की समस्या है। बारिश में सड़कों पर जलभराव होता है और बरसात में भी जलनिकासी की समस्या रहती है। स्थानीय लोग लंबे समय से नाला निर्माण की मांग कर रहे थे। वर्तमान में ये नाले आरसीसी के न होने के कारण जगह-जगह से टूटे पड़े हैं।
पालिका की ओर से 51.18 लाख से वार्ड नंबर आठ मोहल्ला आदर्शनगर में स्याना मार्ग पर इरशाद की डग से साजिद के मकान तक और 58.29 लाख से ब्रजघाट पर वार्ड नंबर 15 में जयभगवान के मकान से पलवाड़ा मार्ग पर शनि मंदिर होते हुए पुरानी टंकी रोड तक आरसीसी नाला निर्माण कराया जाएगा।
मामले में अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी का कहना है कि दोनों नालों के निर्माण के लिए टेंडर निकाले गए हैं। मार्च के प्रथम सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण शुरू कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।