पालिका कर्मियों की लापरवाही और वार्ड में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति नहीं होने व स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं होने पर सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को सभासदों ने नगर पालिका में हंगामा किया।
सभासदों ने दिवाली से पहले अपने-अपने वार्डों में सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। नगर पालिका प्रशासक ने सभासदों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार सुबह 20 सभासद एकत्रित होकर नगर पालिका पहुंचे और क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का समाधान नहीं होने पर नारेबाजी करते हंगामा किया। सभासदों ने बताया कि दीपावली का पर्व होने के बाद भी नगर में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हुई हैं।
मोहल्लों की गलियों में अंधेरा छाया हुआ है। सफाई व्यवस्था नहीं होने से मोहल्लों में कूड़ा फैला हुआ है। पेयजल सप्लाई भी सुचारु रुप से नहीं हो रही है। पालिका में आने पर अक्सर कार्यालयों से अधिकारी और कर्मचारी गायब मिलते हैं।
पालिका के अधिकारियों से शिकायत करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। वहीं, नगर पालिका प्रशासक, एसडीएम हापुड़ मीनू राणा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
जो अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रामकुमार, प्रवीन, प्रदीप, अनिल, प्रदीप सैन, राकेश शर्मा, राजीव हांडा समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।