एचपीडीए सभागार में बृहस्पतिवार को केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र धौलाना में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं को लाभ पात्रों को ही मिलना चाहिए।
एचपीडीए सभागार में आयोजित बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक करीब 1400 शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। गांवों में ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनके यहां पर शौचालय नहीं है।
हथकरघा उद्योग के बारे में लघु उद्योग अधिकारी ने बताया कि पिलखुवा में करीब 25 करोड़ रुपये से हथकरघा और छपाई उद्योग को बढ़ावा देने का काम किया गया है। इसके अलावा लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सिंचाई के लिए रजवाहों में पानी छोड़ा जाता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एचपीडीए के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में भूमि को चिह्नित कर लिया गया है। इस योजना को स्मार्ट सिटी के रुप में तैयार किया जाएगा।
पीडब्लूडी के अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश गांवों में सड़कों का निर्माण कराया गया है और जो गांव रह गए हैं, उनमें प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है। सीडीओ कुणाल सिल्कू ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक करीब 25 हजार किसानों का कृषि बीमा किया गया है।
इसको लेकर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि किसानों को योजना का लाभ मिले, इसको लेकर सभी विभाग काम करें। इसके अलावा मंत्री वीके सिंह ने पिलखुवा में जाम की स्थिति से निपटने के लिए योजना बनाने,
गांव ककराना को आदर्श सांसद गांव के रूप में चयनित कर विकास कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना को सही ढंग से लागू करने, पिलखुवा में फायर स्टेशन बनाए जाने की योजना बनाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में प्राधिकरण के वीसी आरके सिंह, सचिव विश्वजीत राय, अधिशासी अभियंता एसके नागर, एडिशनल एसपी रामनयन यादव, नीरज गुप्ता, निशांत सिसौदिया आदि मौजूद रहे।