बाबूगढ में एनएच 9 पर सड़क दुर्घटना होने के बाद क्षतिग्रस्त कार को देखते लोगों की भीड़। संवाद
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 पर दिल्ली की ओर से आती कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। करीब 100 मीटर तक घिसटती कार, हाईवे किनारे ढाबे की पार्किंग में खड़ी दो गाड़ियों से टकरा गई। इसमें कार चला रही महिला की मौत हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के द्वारका सेक्टर-06 निवासी निधि कमाल (37) पुत्री हेमन्दू कमाल रविवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपनी कार से दिल्ली से अल्मोड़ा जा रही थीं। नेशनल हाइवे-9 के नए बाईपास पर जैसे ही वह बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला स्थित सूर्य शिवा ढाबे के पास पहुंचीं। उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई।
डिवाइडर से टकराते ही कार का टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। करीब 100 मीटर तक हाईवे पर घिसटने के बाद कार सड़क किनारे ढाबे की पार्किंग में खड़ी दो अन्य कारों से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कुचेसर चौपला चौकी प्रभारी ओमकार गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को कार से बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
बाबूगढ में एनएच 9 पर सड़क दुर्घटना होने के बाद क्षतिग्रस्त कार को देखते लोगों की भीड़। संवाद