मतनौरा गांव स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र की बदहाली पर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परेशान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य अफसरों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द राहत नहीं मिलने पर सीएमओ कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले गांव में स्वास्थ्य उप केंद्र का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब तक इसमें इलाज नहीं शुरू किया गया है। नतीजतन, ग्रामीणों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, अफसर निरीक्षण भी कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है। इस असुविधा के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर किया।
चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण सीएमओ कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में अनुज प्रधान, रविंद्र प्रधान, संजय उपाध्याय, राम सिंह, प्रेमवती, त्रिलोक पंडित, ब्रजभूषण, नारायण सिंह, राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।
एसीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि वह स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण कर चुके हैं। नजदीक में बने तालाब का पानी केंद्र में घुस जाता है, इसके चलते यहां स्टॉफ नहीं बैठ पाता है। इस मामले में उन्होंने तालाब की मेड़बंदी करने के संबंध डीपीआओ से पत्राचार किया है। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।