धौलाना। जिला गाजियाबाद थाना मसूरी के मोहल्ला जफर कॉलोनी निवासी आसिफ(28) का शव पिपलैड़ा गांव में पड़ा मिला। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर दी है।
जफर कॉलोनी निवासी फारुख ने बताया कि वह थाना मसूरी क्षेत्र के एनएच-9 स्थित भूड़गढ़ी में बिरयानी का ठेला लगाते हैं। 23 दिसंबर को उनका छोटा पुत्र आसिफ अपने भाई फैजान उर्फ जुगुनू व बिलाल निवासी धौलाना के पास जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर उन्हें चिंता होने लगी थी। मंगलवार की दोपहर को उन्हें पुलिस ने सूचना दी कि उनके पुत्र आसिफ का शव पिपलैड़ा गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला है। सूचना पर मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की शिनाख्त आसिफ के रूप में की। मृतक के पिता ने बताया कि धौलाना निवासी कुछ युवकों से आसिफ का विवाद हुआ था। उन्होंने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए थाने में तहरीर दी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
-