कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस बार प्रयागराज के महाकुंभ की तर्ज पर टेंट सिटी की सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब 20 बीघा क्षेत्र में आधुनिक टेंट सिटी तैयार की जा रही है।
इसमें अलग-अलग श्रेणियों के टेंट के साथ वीआईपी घाट पर स्नान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि टेंट सिटी में प्रवेश के लिए पास अनिवार्य होगा। बुकिंग कराने के बाद श्रद्धालुओं को पास जारी किया जाएगा। बिना पास किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए महाराजा, डीलक्स और पगोड़ा श्रेणी के टेंट तैयार किए जा रहे हैं। यहां ठहरने के साथ ही तीन समय के भोजन की व्यवस्था भी होगी। इससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खाने-पीने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
टेंट सिटी में 14 से 24 नवंबर तक ठहरने के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है। इसके लिए प्रति व्यक्ति/ प्रतिदिन 1300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी दी जा रही है। बुकिंग कराने वाले प्रति व्यक्ति को दिन में तीन टाइम भोजन और वीआईपी घाट पर स्नान की सुविधा दी जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा मेले में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में टेंट सिटी के माध्यम से इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर ठहराव, भोजन और स्नान की सुविधाएं देने की तैयारी है। महाकुंभ की तर्ज पर विकसित की जा रही यह व्यवस्था मेले को पर्यटन की दृष्टि से भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
20 बीघे में बसेगा शहर
कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला पंचायत की ओर से निजी कंपनी के सहयोग से टेंट सिटी तैयार कराई जा रही है। करीब 20 बीघा क्षेत्र में विकसित हो रही इस टेंट सिटी को प्रयागराज के महाकुंभ की तर्ज पर बनाने की योजना है। इसमें ठहरने, भोजन और वीआईपी घाट पर स्नान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।