हापुड़। हिंदू पंचांग में ज्येष्ठ माह में जब गर्मी अपने चरम पर होती है, तब एक खास समय आता है जिसे नौतपा कहा जाता है। इस बार नौतपा 25 मई से शुरू होकर आठ जून तक चलेगा। वैसे इस समयावधि में सूर्य की गर्मी सबसे ज्यादा महसूस होती है और तापमान भी रिकार्ड तोड़ता है, लेकिन इस बार इन दिनों में मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है और बारिश की भी संभावना बन रही है।
इस बार नौतपा शुरू होने से पहले की भीषण गर्मी ने बेहाल किए रखा। हालांकि चार दिन पूर्व तेज हवा के साथ हुई बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दिलाई, लेकिन अब दोबारा से गर्मी का सितम बढ़ने लगा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवा चली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि नौतपा के समय सूर्य पृथ्वी के बहुत करीब रहता है। इससे सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधे और तीव्र प्रभाव डालती हैं। जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में होते हैं तो इसका असर गर्मी पर पड़ता है। ऐसे में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
जल दान का विशेष महत्व-
ज्योतिषाचार्य पंडित संतोष तिवारी ने बताया कि सूर्य देव 25 मई को सुबह 9:40 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने से नौतपा की शुरुआत होगी और यह आठ जून तक रहेगा। सूर्य चंद्रमा के नक्षत्र रोहिणी में होने से गर्मी का प्रकोप अधिक रहता है। इन दिनों गुलाब का फूल, केसर, कुमकुम, कपूर, लाल चंदन चूरा डाल कर सूर्य देव को अर्घ देना चाहिए। सूर्य और चंद्रमा नक्षत्र में होने पर इस योग में किया हुआ सूर्य का दान, सूर्य पूजा, जल दान, घट दान, चावल, दही, कपूर, अन्य जलीय पदार्थ का दान करना चाहिए। भगवान शिव की उपासना करें और शिवलिंग पर कपूर चंदन केसर मिश्रित जल से स्नान कराए।
मौसम विशेषज्ञ ने बताए गर्मी से बचाव के उपाय
- गर्मी से बचने के लिए शरीर को हाइड्रेटेड रखें
- हल्के कपड़े पहने, धूप में जाने से बचें और ठंडे वातावरण में रहें
- खूब पानी पीयें, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें
- सूती और ढीले कपड़े पहनें, ताकि शरीर को हवा मिल सके
- दिन के सबसे गर्म समय के दौरान (12 बजे से 3 बजे के बीच) धूप में जाने से बचें
- एसी, पंखे के उपयोग के साथ ठंडे पानी से स्नान करें
- ताजे फल तरबूज, खीरा, संतरा और सब्जियां खाएं
- अत्यधिक गर्मी में व्यायाम करने से बचें या इसे सुबह या शाम करें
- धूप में जाने से पहले सनस्क्रीन लगाएं