पिलखुवा। बजरंगपुरी में नवनिर्मित ओवरहेड टैंक पर किशोर के चढ़ने और पैर लटकाकर बैठने का वीडियो वायरल हो रहा है। यह घटना सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल रही है। वायरल वीडियो में एक किशोर ओवरहेड टैंक पर पैर लटकाकर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा किशोर सीढ़ियों से ऊपर चढ़ रहा है।
वीडियो में सीढ़ियों के प्रवेश पर न तो कोई गेट दिखाई देता है और न ही बाहरी लोगों को रोकने की कोई व्यवस्था। मौके पर सुरक्षा के लिए कोई कर्मचारी भी नजर नहीं आता। ऐसे में कोई भी व्यक्ति आसानी से टैंक की ऊपरी छत तक पहुंच सकता है और जरा सी चूक जानलेवा हादसे में बदल सकती है। स्थानीय लोगों ने टैंक पर तत्काल सुरक्षा प्रबंध कराने की मांग उठाई है। ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि ओवरहेड टैंक का निर्माण जल निगम (नगरीय), हापुड़ की ओर से कराया गया है। अभी नगर पालिका को सुपुर्द नहीं किया गया है। वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।