सिंभावली। गांव सिखेड़ा में ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की टीम द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान टीम ने सड़कों की खोदाई भी कराई।
गांव निवासी प्रसन्न त्यागी, मूलंचद त्यागी आदि ने डीएम को शिकायती पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता और धांधली का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। शिकायत पर डीएम द्वारा लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अंशुल गौरव, जेई जितेंद्र बंसल के नेतृत्व में टीम का गठन कर जांच का निर्देश दिया गया। जिसके बाद बुधवार को दोनों अधिकारी ग्राम पंचायत सचिव खालिद मुनीर को साथ लेकर गांव में पहुंचे। न्होंने विभिन्न स्थानों पर कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। ग्राम प्रधान धर्मेंद्र और शिकायत करने वालों की उपस्थिति में सीएचसी मार्ग पर सड़क, राजकीय इंटर कॉलेज तक इंटरलॉक टाइल्स रोड समेत अन्य कार्यों की जांच की। गांव में मनरेगा से कराए गए कार्यों की भी जांच की। सहायक अभियंता अंशुल गौरव ने बताया कि जांच से दोनों पक्ष संतुष्ट हैं। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। जिनके निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।