हापुड़। सर्दी बढ़ने के साथ ही लोग कॉफी और चाय की चुस्की का अधिक आनंद ले रहे हैं, लेकिन इसका अधिक सेवन लोगों में कई प्रकार की बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। इससे एसिडिटी, पेट फूला और भूख न लगने के मामले बढ़े हैं। इन दिनों अस्पतालों में ओपीडी में इस प्रकार के मरीजों की संख्या 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
सुबह की सर्दी में बिस्तर में चाय की चुस्की लेने का आनंद ही कुछ और है, लेकिन सुबह खाली पेट और रात में चाय-कॉफी पीने वालों में इन दिनों कई प्रकार की बीमारियां जन्म ले रही हैं। चाय-कॉफी की लत के कारण पेट से संबंधित कई प्रकार की बीमारियों से मरीज ग्रसित हैं। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अशरफ ने बताया कि ऐसे मरीजों की संख्या पहले से बढ़ी है। सुबह खाली पेट की चाय-कॉफी लोगों को बीमार बना रही है। इसके कारण लोगों को सबसे अधिक एसिडिटी, भूख न लगना, पेट फूलना, सीने में जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। पिछले दो सप्ताह में इस प्रकार के मरीज बढ़े हैं। वहीं, बाहरी खानपान भी समस्या बन रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को सांस संबंधित परेशानी हैं, वह ड्यूरोफिलिन दवा खाते हैं। ऐसे में कैफीन उनके शरीर पर ज्यादा प्रभाव डाल सकता है। इससे दिल की बीमारी बढ़ने का भी खतरा रहता है।
अल्सर का बढ़ रहा खतरा
डॉ.अशरफ ने बताया कि इस प्रकार के शुरुआती लक्षण भविष्य में जाकर अल्सर का रूप ले सकते हैं। यह लक्षण लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसलिए दिन में दो बार से ज्यादा कैफीन युक्त पेय नहीं पीना चाहिए। लोग इस तरफ जागरूकता जरूर बरतें। पूरे दिन में सुबह नाश्ते के बाद और शाम में बस एक बार ही चाय-काॅफी पीएं। सुबह खाली पेट और रात में सोने से पहले या काम करते हुए बार-बार चाय-काॅफी पीना नुकसानदेह है। चाय-कॉफी पीते समय कुछ हल्का खाद्य पदार्थ जरूर लें।