हापुड़। गांव अकड़ौली स्थित गुरु नानक स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर बृहस्पतिवार को टैक्स बार एसोसिएशन हापुड़ और स्टेट जीएसटी टीम के बीच खेले गए मैच में टैक्स बार एसोसिएशन हापुड़ टीम ने छह विकेट से जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टेट जीएसटी टीम की तरफ से निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। इसमें भानु प्रताप ने 46, विवेक उपाध्याय ने 12 रन का योगदान दिया। टैक्स बार एसोसिएशन हापुड़ की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आकाश और रितेश कुमार ने तीन-तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे टैक्स बार एसोसिएशन हापुड़ के खिलाड़ियों ने 19़3 ओवर में ही पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। इसमें आकाश ने 40 रन और राहुल ने 30 रन का योगदान दिया। स्टेट जीएसटी टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जयप्रकाश ने दो विकेट, विवेक उपाध्याय और जोहा अब्बास ने एक एक विकेट झटका। मैच में आकाश रॉय को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
इस मौके पर जीएसटी उपायुक्त लालचंद्र, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जेके पाल, सचिव सीमा मित्तल, मनीष रॉय, एमएल दुआ, रितेश, संजीव त्यागी, राहुल सैनी, मुनेंद्र आदि भी मौजूद रहे।