बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर मंढैय्या स्थित मकान में पिछले 25 दिनों से रह रही गांव सलारपुर निवासी तनु ने खुद फंदा लगाकर जान दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। बुधवार की सुबह उनका शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला था। बुधवार शाम परिजनों ने तनु के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि गांव सलारपुर निवासी तनु (25) की शादी जिला मेरठ के गांव घुड़म निवासी युवक से हुई थी। गांव आरिफपुर मंढैय्या निवासी युवक मृतका के पति का दोस्त है। पिछले 25 दिनों से तनु पति के दोस्त के साथ गांव स्थित उसके मकान में रह रही थी।
बुधवार की सुबह तनु का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला था। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान तनु के गले पर फंदे के निशान मिले थे। पुलिस ने तनु के परिजनों को इसकी सूचना देकर चौकी पर बुलवाया था। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तनु ने खुद फंदा लगाकर जान दी है। परिजनों की तरफ से भी अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। बुधवार शाम परिजनों ने तनु का अंतिम संस्कार कर दिया।