गांव मानकचौक निवासी किसान तस्वीर सिंह उर्फ पिंटू (48 वर्ष) 20 सितंबर की दोपहर मंडी में नींबू बेचने के बाद अपने घर पहुंचे थे। इसी दौरान मोबाइल पर बात करने के बाद दो लोगों ने उन्हें खेत पर बुला लिया। जहां उन्होंने घास छील रहे मंढैया निवासी किशन सिंह और प्रवीन सिंह का सहयोग लेकर खाली क्रेटों को ट्यूबवैल के अंदर रखवा दिया। इसके बाद वह खेत के आसपास चले गए, लेकिन इसी दौरान गोली चलने की आवाज से प्रवीन सिंह के होश उड़ गए। उसने पास जाकर देखा तो किसान तस्वीर सिंह खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे।
परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर घायल तस्वीर सिंह को नजदीकी अस्पताल में लेकर आ गए। जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में छह अक्टूबर की रात को घायल किसान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। किसान की मौत के बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। हालांकि कोतवाली पुलिस का दावा है कि आरोपी मृतक का करीबी है इसको लेकर शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।