शांति से चुनाव कराने के दिए निर्देश
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस लाइन में चुनाव प्रेक्षक/ डीआईजी जितेंद्र कुमार ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों व पुलिस कर्मियों से कहा कि चुनाव आयोग के नियमानुसार ही मतदान कराया जाए। मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए।
पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में बोलते हुए पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि मतदान केंद्र से 200 मीटर के भीतर मतदाता के अलावा किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन का प्रवेश वर्जित रहेगा।
उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को मतदान के दिन सुबह छह बजे से सात बजे तक माक पाल होगा। सुरक्षा में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेंगे। मतदान केंद्र पर किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी नहीं होने दी जाएगी।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर मानकों के अनुसार पुलिस बल लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी पहुंचते ही मतदान केंद्र के आसपास लगने वाली राजनीतिक पार्टी के तंबुओं को हटवा दें। साथ ही मतदान केंद्र पर बार-बार आने वाले वाहन पर भी निगाह रखी जाए। किसी भी प्रकार का प्रलोभन की सूचना मिलने पर तुरंत नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा की दृष्टि से सतर्क रहकर ड्यूटी करें। किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आती है तो तुरंत उसकी सूचना अधिकारियों को दी जाए। एसपी अलंकृता सिंह ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को विशेष दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान एएसपी रामनयन यादव, सीओ शैलेंद्र सिंह राठौर, पिलखुवा सीओ अतुल कुमार यादव, गढ़ सीओ सतीश पांडेय, बाबूगढ़ सीओ एसके दूबे सहित समस्त जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।