सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी 35 वर्षीय सुमित की ग्रेटर नोएडा में सगाई समारोह के दौरान पीट-पीटकर हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवक के पिता ने गौतमबुद्धनगर के इकोटेक थर्ड थाने में तीन के खिलाफ तहरीर दी।
गांव बिरसिंहपुर निवासी मंगू सिंह ने दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि वह वर्तमान में घोडी बछेडा के सामने थाना दादारी में किराए के मकान में रहते हैं। उनके साथ ही बड़ा बेटा सुमित भी एक कंपनी में गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। 15 नवंबर को वह ग्रेटर नोएडा के थाना इको टेक थर्ड क्षेत्र के चौगानपुर में भांजे की सगाई के समारोह में शामिल हो गए थे। जहां पर मामूली कहासुनी के बाद सुमित के साथ उसकी बुआ के बेटों सुमित, रोबिन और चचेरे भाई निक्की निवासी बिरसिंहपुर ने बेरहमी से मारपीट करनी शुरू कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सुमित की उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित का कहना है कि घेर की करीब 700 गज जमीन को लेकर उनका आरोपी पक्ष से विवाद चल रहा है। जिस कारण हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि घटनाक्रम इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में हुआ। युवक की मृत्यु के बाद शव गांव लाया गया था। सिंभावली पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया है। जांच में इकोटेक थाना पुलिस का सहयोग किया जाएगा।