गांव कस्तला कासमाबाद में हाइटेंशन लाइन के कारण लगी आग से उठता धुंआ।स्रोत वीडियो ग्रैब
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्तला कासमाबाद गांव में शनिवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गन्ने के खेतों में गिर गया। इससे खेतों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर जयप्रकाश की करीब 10 बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर के समय अचानक तेज धमाके के साथ तार टूटकर गांव निवासी जयप्रकाश के खेत में जा गिरा। कुछ ही देर में फसल से आग की ऊंची-ऊंची पलटें उठने लगीं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन मिलाया गया लेकिन काफी देर बाद बिजली को काटा गया। जिससे ग्रामीण आग नहीं बुझा सके। इस बीच आग तेजी से फैलती रही। बाद में पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने जोखिम उठाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के कई और खेत भी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मुआवजे की मांग की।अग्निशमन केंद्र प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।