हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की ओर से जिला अस्पताल, क्षय रोग परिसर और आनंद विहार व प्रीत विहार में कई जगहों पर पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर और पार्कों का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 2.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए एचपीडीए की ओर से टेंडर निकाले गए हैं। इससे सैकड़ों परिवारों की पथ प्रकाश की समस्या का समाधान हो सकेगा।
प्राधिकरण की ओर से 12.24 लाख रुपये से जिला संयुक्त चिकित्सालय व क्षय रोग परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए दो हाईमास्ट व तीन सोलर लाइट लगाई, 88.74 लाख रुपये से आनंद विहार आवासीय योजना के ब्लॉक-ई व ब्लॉक-बी में अवशेष वाह्य विद्युतीकरण, पथ प्रकाश व्यवस्था, 29.41 लाख रुपये से ट्रांसपोर्ट नगर योजना में स्थित बुकिंग ऑफिस बीओ-127 से बीओ-210 व बीओ-301 से बीओ-426 तक वाह्य विद्युतीकरण, 24.02 लाख रुपये से आनंद विहार आवासीय योजना की पॉकेट-एल में प्रधानमंत्री आवास के सामने प्लॉटों को अवशेष वाह्य विद्युतीकरण व 10.77 लाख रुपये से एम-ब्लॉक में स्थित पार्कों में हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा।
इसके अलावा 22.26 लाख से प्रीत विहार आवासीय योजना द्वितीय भूखंड संख्या-183 के सामने दो पार्कों का निर्माण, 16.36 लाख रुपये से ब्लॉक-सी में एक पार्क व ब्लॉक-ई में एई भवनों के मध्य एक पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
मामले में एचपीडीए के सचिव अमित कादियान का कहना है कि प्राधिकरण की ओर से कई स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इसके अलावा पार्कों का निर्माण भी कराया जाएगा।