हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान साप्ताहिक पैंठ में रविवार शाम तेज आंधी से स्ट्रीट लाइट का खंभा गिर गया। इस दौरान खंभे के चपेट में आकर 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। खंभा गिरने से साप्ताहिक पैंठ में भगदड़ मच गई। पैंठ से सामान खरीदकर घर जाते समय किशोरी के साथ यह हादसा हुआ था। पैंठ में खंभा गिरने कि सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच भी की थी। घायल किशोरी का गढ़ रोड स्थित एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में हर रविवार को साप्ताहिक पैंठ लगती है। मोहल्ला गंगापुरा निवासी वर्षा अपने परिवार के साथ पिछले कुछ समय से मोहल्ला लज्जापुरी गली नंबर चार में रह रही हैं। रविवार शाम को वर्षा पैंठ में सामान खरीदने आई थीं। सामान खरीदकर वह घर लौट रही थीं। इसी बीच तेज आंधी आ गई और रामलीला मैदान में लगे नगर पालिका के छह स्ट्रीट लाइटों के खंभे गिर गए। इस दौरान वर्षा खंभे के नीचे दबने से वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं। खंभा गिरने से साप्ताहिक पैंठ में भगदड़ मच गई। पैंठ में अफरातफरी का माहौल बन गया। साप्ताहिक पैंठ में मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर किशोरी को गढ़ रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। उधर हादसे में किशोरी के घायल होने की सूचना पर मोहल्लेवासियों की भीड़ अस्पताल में एकत्र हो गई। हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तेज आंधी के कारण स्ट्रीट लाइट का खंभा गिरा था। खंभे के नीचे दबने से वर्षा नाम की किशोरी घायल हुई है। किशोेरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खंभे को सड़क से हटवाया गया है।