पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत रिलायंस रोड स्थित एक कंपनी से ड्यूटी करके घर लौट रहे चार कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिलायंस रोड स्थित कंपनी में कार्य करने वाले कर्मचारी संगीत सोम, शिवम, आकाश व नितेश मंगलवार की सुबह अपनी ड्यूटी करके घर लौट रहे थे। इस दौरान कुछ बाइक सवार युवकों ने इन पर पथराव कर दिया। पथराव करने वाले 15-20 युवक बताए जा रहे हैं। पथराव में चारों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने चारों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गौरतलब है कि कंपनी के कर्मचारी पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के कारण विरोध कर रहे हैं। आशंका है कि कंपनी में हंगामे और प्रदर्शन के बाद ही कुछ लोगों ने इन कर्मचारियों पर हमला किया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि अभी तक की जांच में आपसी मारपीट का मामला निकला है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।