हापुड़। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएसआर) के तहत मतदाता सूची की जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। किसी मतदाता का नाम सूची से गायब है तो किसी का नाम गलत दर्ज कर दिया गया है। इसके चलते लोग नाम जुड़वाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए बीएलओ से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, कई परिवारों के सदस्यों के नाम सूची में नहीं मिलने से भी परेशानी हो रही है। नगर के मोहल्ला रघुवीर गंज निवासी लक्ष्य सक्सेना ने बताया कि उन्होंने फार्म में अपना नाम सही भरकर दिया था, इसके बावजूद मतदाता सूची में उनका नाम लक्ष्य सक्सेना दर्ज कर दिया गया है। नाम में मामूली गलती होने के कारण अब उन्हें संशोधन के लिए दोबारा फार्म भरकर देना पड़ेगा। उनका कहना है कि सही जानकारी देने के बाद भी इस तरह की त्रुटि होना परेशानी का कारण बन रहा है।
वहीं, नगर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी शिक्षक शलभ ने बताया कि उनके परिवार में कुल 12 मतदाता हैं, लेकिन मतदाता सूची में कई सदस्यों के नाम नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से मतदाता सूची लेकर जांच की, लेकिन नाम नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने संबंधित बीएलओ से संपर्क किया है। बृहस्पतिवार शाम तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। बता दें कि एसएसआर के दौरान मतदाता सूची में सामने आ रही इन गड़बड़ियों के कारण लोग अपने नाम और परिवार के अन्य सदस्यों के विवरण की जांच कर रहे हैं। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथ ही गलतियों को ठीक कराने के लिए भी फार्म भरकर दिए जा रहे हैं। इसके लिए बीएलओ को लोग फार्म भरकर दे रहे हैं।
चार दिन होंगे विशेष अभियान
1- शनिवार, 21 नवंबर 2- रविवार, 22 नवंबर
3- शनिवार, 28 नवंबर 4- रविवार, 29 नवंबर
नोट : विशेष अभियान की तारीखों में प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह दस से शाम चार बजे तक उपस्थिति रहेंगे। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन/अपमार्जन के लिए फार्म-7 और मतदाता की किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर जमा करना होगा।
बूथों पर जाकर और ऑनलाइन चेक करें नाम
नाम की जांच बीएलओ के पास उपलब्ध निर्वाचक नामावली या लिंक https:// electoralsearch.eci.gov.in/ या प्ले स्टोर से इंस्टॉल ECINET और Voterhelpline App से की जा सकती है। यदि किसी का नाम निर्वाचक नामावली में नहीं है तो वह फार्म-6 यदि किसी की नाम आदि प्रविष्टि में संशोधन किया जाना है तो वह फार्म-8 बीएलओ के पास जमा कर रसीद प्राप्त कर लें। उक्त फार्म-6 और आठ को ऑनलाइन माध्यम से ECINET और Voterhelpline App व लिंक voters.eci.gov.in से भी सबमिट कर सकते हैं। फार्म-6 भरते समय नाम, मोबाइल संख्या व पिन कोड सहित पता सही-सही दर्ज करें और आवश्यक अभिलेख, नवीनतम फोटो अपलोड करें। - कविता मीना, डीएम