हापुड़। प्रीत विहार स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रततोयगिता का आयोजन हुआ। मशाल प्रज्वलित और वायुमंडल में गुब्बारे उड़ा कर प्रधानाचार्या ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
खेल दिवस पर योगासन, मार्शल आर्ट, ताईक्वोन-डो के प्रदर्शन से छात्रों की सहनशक्ति और शारीरिक शक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें कक्षा एक के बच्चों द्वारा विभिन्न आसन किए गए और छात्रों को दैनिक जीवन में योग करने के लाभों से परिचित कराया गया।
खेल भावना और टीम वर्क को बनाए रखने के लिए बाल वाटिका के बच्चों द्वारा डंबल ड्रिल, होपिंग बॉल रेस, गौरिल्ला और बनाना रेस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। गोवा नृत्य भरतनाट्यम, एरोबिक्स, दक्षिण भारतीय नृत्य और राजस्थानी नृत्य ने वहां उपस्थित सभी को झूमने पर विवश कर दिया ।
प्रधानाचार्या मीना आनंद ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में योग अवश्य करना चाहिए। क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण होता है और सभी अभिभावकों का दायित्व है कि वह अपने बच्चों के साथ अवश्य खेलें। जिससे उनका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। छात्रों का शारीरिक और मानसिक विकास होगा और बच्चे मोबाइल आदि से भी दूर रहेंगे। यदि हमारे जीवन में कोई सबसे बड़ा सुख है तो वह निरोगी काया है और निरोगी काया तभी संभव है जब हम अपने दैनिक जीवन में योग और व्यायाम को अपनाएंगे।