सिंभावली में एक बार फिर अफवाह से माहौल बिगड़ने से बच गया। एक समुदाय विशेष की महिला ने बछड़े को डंडा मार दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
सांप्रदायिक तनाव की सूचना मिलते ही चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल को संभाला। सिंभावली की गंगा विहार कालोनी में दूसरे समुदाय के एक परिवार ने अपने घर के बाहर सीजनल सब्जी की नर्सरी बनाई हुई है।
जिसमें शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सुनील कुमार का बछड़ा नर्सरी में घुस गया। एक महिला ने बछड़े को डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही सिंभावली समेत आसपास के गांवों में अफवाह फैल गई। एसपी योगेश सिंह ने पुलिस को अविलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गढ़, बाबूगढ़, बहादुरगढ़, सिंभावली समेत कई थानों की पुलिस को मौके पर भेजा। प्रशासनिक स्तर से हापुड़ के एएसडीएम एसपी सिंह को मौके पर भेजा गया।
पुलिस-प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग एकत्र हुए। उन्होंने आपसी सहमति के आधार पर किसी भी कानूनी कार्रवाई के बिना बछड़े के शव को जंगल में ले जाकर दफना दिया।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं अफवाहें थमने से दोनों समुदाय के लोग भी संतुष्ट बताए जा रहे हैं।
दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद यह मामला किसी भी कार्रवाई के बिना निपटा लिया गया है। माहौल को नहीं बिगड़ने दिया गया। - एनके शर्मा, एसओ