सिंभावली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को नए बाईपास पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना गांव सिखेड़ा के पास नए बाईपास पर खुडलिया नाले के नजदीक हुई। बोलेरो गाड़ी राजस्थान से गजरौला (अमरोहा) की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी का अगला दाहिना पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पहिया टूट गया और टायर फटने के बाद वाहन पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी सिखेड़ा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में प्रियांशु (19) को दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य लोगों को चोटें और खरोंच आई हैं। घायलों में सोमपाल (47), जीना (35), हरनंदी (43), गौरव (26), पिंटू (22), सतपाल (44) और पुष्पा (19) शामिल हैं। सभी लोग गजरौला क्षेत्र के तिगरिया खादर गांव के निवासी बताए गए हैं।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि हादसे के बाद मौके पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन तत्परता से व्यवस्था को सुचारू करा दिया गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।