हापुड़। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए 24 व 25 अक्तूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित होंगे। यहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आवश्यक अभिलेखों और प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र लोग शिविर में पहुंचकर फार्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। इसके लिए अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास संबंधी अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं।
साथ ही लोग तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय से फार्म-6 प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप और voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। कैंप की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचन अधिकारी करेंगे।