हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव रझैटी में हुई चोरी के मामले में सादे कपड़ों में कबाड़ी को थाने लेकर आने व देर शाम छोड़ने के आरोप में एसपी ने हेड कांस्टेबल मुकेश जादौन को निलंबित कर दिया है। एसपी ने मामले की जांच सीओ गढ़मुक्तेश्वर को सौंपी है।
पुलिस के अनुसार 28 मई को गांव रझैड़ी निवासी किसी व्यक्ति के यहां से बैटरी आदि सामान चोरी हो गया था। व्यक्ति ने गांव के ही एक कबाड़ी पर चोरी का शक जाहिर किया था। इसके बाद कबाड़ी ने व्यक्ति को बैटरी व कुछ रुपये दे दिए थे। कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मुकेश जादौन सादी कपड़ों में कबाड़ी के घर पहुंचे थे। इस दौरान हेड कांस्टेबल बिना किसी शिकायती के आधार पर कबाड़ी को उसकी दुकान से थाने ले आए और दिनभर थाने में बैठाकर रखा था।
इसके बाद देर शाम कबाड़ी को थाने से छोड़ दिया था। एसपी ज्ञानंजय सिंह के मामले संज्ञान में आने के बाद हेड कांस्टेबल की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इस पर एसपी ने हेड कांस्टेबल को निलंबित किया। एसपी ने प्रकरण की जांच सीओ गढ़मुक्तेश्वर को सौंपी है। जांच में दोषी पाए जाने पर हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।