हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अपना घर कॉलोनी में बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रही महिला से चेन लूटने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी देर शाम महिला से मिलने उसके घर पहुंचे। एसपी ने महिला का हाल जाना साथ ही जल्द ही वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
मोहल्ला शिवगढ़ी की संगीता मंगलवार को अपनी छह वर्षीय पुत्री के साथ स्कूटी से मोहल्ला शंभूपुरा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान पर गई थी। दोपहर करीब तीन बजे वह स्कूटी से पुत्री के साथ घर लौट रही थीं। अपना घर कॉलोनी के मुख्य मोड पर पहुंचने के बाद पीछे से आए बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। एएएसपी विनीत भटनागर ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी। जबकि देर शाम एसपी ज्ञानंजय सिंह भी महिला के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लगी है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।