यह था मामला
मानकचौक निवासी तस्वीर सिंह समृद्ध किसान थे। जिन्हें 20 सितंबर को कॉल कर अज्ञात व्यक्ति ने उनके खेत पर बुलाया था। जहां उन पर अज्ञात बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग की थी। घटना में गंभीर रूप से घायल तस्वीर सिंह को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई कश्मीर सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। लेकिन पुलिस को मामले में दो महीने से कोई सुराग नहीं लग रहा था। पुलिस मामले में रंजिश से लेकर कई बिंदुओं पर काम कर रही थी, लेकिन काफी दिनों तक पुलिस खाली हाथ रही। बाद में घर के फोन पर किए गए नंबर को ट्रेस करने पर हत्या का राज खुल गया।
गलत संगत में जाने से रोकने पर बेटे ने की हत्या
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तस्वीर सिंह का बेटा गलत संगत में पड़ गया था। जिसे सुधारने के लिए घटना से एक दिन पहले उन्होंने डांटते हुए पिटाई भी कर दी थी। जिससे गुस्साए बेटे ने पहले भी पिता के साथ हाथापाई की। जिसके बाद आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पिता की हत्या करने की साजिश रची।
बेटे की सुसाइड की झूठी सूचना देकर पिता को खेत पर बुलवाया
सीओ ने बताया कि हत्याकांड में शामिल दो बाल अपचारियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जिन्होंने पूछताछ में बताया कि दोस्त के कहने पर 20 सितंबर की दोपहर उन्होंने कॉल कर तस्वीर सिंह को खेत पर बुलाया। उन्होंने कॉल कर तस्वीर सिंह को बताया था कि अंकल आपका बेटा सुसाइड करने जा रहा है, जल्दी खेत पर आईये। खेत पर पहुंचकर बेटे को समझाने के दौरान ही उन्होंने तस्वीर को गोली मार दी और फिर फरार हो गए। मुख्य आरोपी मृतक के बेटे की तलाश की जा रही है।
सभी कक्षा 11 के छात्र, बेटे के पास ही था तमंचा
पकड़े गए दोनों नाबालिग और मृतक का बेटा कक्षा के 11 के छात्र हैं और एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। बुरी संगत में पड़ने के कारण तीनों छात्रों ने ही हत्या की साजिश रही। तमंचा आरोपी बेटे के पास था, वह तमंचा कहां से लाया इसका खुलासा, उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।