गढ़मुक्तेश्वर। दहेज में अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा निवासी राम अवतार सिंह पुंडीर ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी प्रीति की शादी 14 वर्ष पूर्व दीपक निवासी ग्राम अनवरपुर थाना पिलखुवा जनपद हापुड के साथ हुई थी। शादी के बाद प्रीति ने दो पुत्र देव उम्र करीब 12 वर्ष एवं नैतिक उम्र करीब 9 वर्ष को जन्म दिया। शादी के कुछ समय बाद से ही दीपक व उसके परिजन बेटी के साथ मारपीट करने लगे।
10 अगस्त को आरोपियों ने बेटी से मायके से कार लाने की मांग की। कार न लाने को लेकर दीपक, जेठ दिनेश, योगेंद्र, सास विमलेश उर्फ बिल्ला व अन्य लोगों ने उनकी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर जान से मारने की नियत से गला दबा दिया। जिससे उनकी बेटी की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। इसको लेकर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस कारण उन्हें न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।