पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव दहपा में महिला की जमीन को धोखे और जालसाजी से हड़पने के आरोप में बेटे अंकित त्यागी के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव दहपा निवासी कमलेश देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन न तो किसी को दान में दी और न ही हस्तांतरित की। इसके बावजूद उनके पुत्र अंकित त्यागी ने उनकी जगह किसी अन्य महिला को खड़ा कर झूठा दस्तावेज तैयार कराया कि जमीन दान में दी है। आरोपी ने फर्जी दान पत्र को रजिस्ट्री कार्यालय में पंजीकृत करा दिया। आरोप है कि जाली दान पत्र के आधार पर जमीन का बैनामा गौतमबुद्धनगर, दादरी तहसील के गांव पतवाडी निवासी रणवीर यादव के नाम कर दिया गया। वहीं जमीन के अन्य हिस्सों के बैनामे ग्राम दहपा निवासी रुचि और संजीदा के नाम करा दिए गए।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी, जालसाजी, अवैध रूप से जमीन बेचने और धमकी देने से जुड़ी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।