नगर पालिका और शहर में अन्य जगह सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर स्ट्रीट लाइटें जलाई जाएंगी। साथ ही सरकारी दफ्तरों को बिजली दी जाएगी। इस तरह पालिका को लाखों रुपये के बिजली के बिलों की प्रतिमाह बचत होगी।
केंद्र और प्रदेश सरकार वर्तमान में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल पर जोर दे रही है ताकि बिजली की बचत होने के साथ ही भारी भरकम बिजली के बिल से बचा जा सके। पालिका अफसरों ने निर्णय लिया है कि एक सौर ऊर्जा प्लांट नगर पालिका में लगवाया जाए।
जिससे की पालिका को 24 घंटे बिजली मिलेगी साथ ही बिजली के बिल से निजात मिलेगी। साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में लगी स्ट्रीट लाइटों को जलाने के लिए सौर ऊर्जा प्लांट लगाया जाएगा ताकि बिजली जाने के बाद भी शहर के मुख्य मार्गों में रोशनी रखी जा सकें।
इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट का लाखों रुपये प्रतिमाह के बिल से भी पालिका को निजात मिलेगी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि सौर ऊर्जा प्लांट लगवाने की तैयारी की जा रही है।
एक प्लांट पालिका में लगेगा, जबकि अन्य प्लांट स्ट्रीट लाइट के लिए विभिन्न इलाकों में लगवाए जाएंगे। जिनके लिए स्थान भी चिन्हित कराए जा रहे हैं।