सिंभावली क्षेत्र के गांव खगोई में मिले कंकाल को पशु विभाग की टीम जांच के लिए लैब भेजने की तैयारी कर रही है। उधर, गांव में डायनासोर के कंकाल होने की अफवाह से ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा।
जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर खगोई गांव में ग्रामीण जीत सिंह को सफाई के दौरान दो जीवों का कंकाल मिला था। देखने में बेहद विचित्र प्रकार के इन कंकाल को उसने सुरक्षित रखकर पशु चिकित्सकों को सूचना दी।
कंकाल करीब दो फीट लंबे थे। मामले की गंभीरता पर पशु चिकित्साधिकारी डा.धर्मेंद्र यादव, डा.मीनल गुप्ता, डा.युवराज सिंह के नेतृत्व में पशु विभाग की टीम सोमवार को गांव पहुंच गई।
टीम का दावा है कि जीव के दांत, नाखून, गर्दन व पूछ डायनासोर से मेल तो खाती है पर इस पर जांच के बाद ही कुछ कहना संभव है। चिकित्सकों ने कंकाल को जब्त कर विभाग में जमा करा लिया। अब जल्द ही इसे लैब भेजा जाएगा। चिकित्सकों का कहना है कि डायनासोर की प्रजाति सदियों पहले विलुप्त हो चुकी है।
कंकाल को उच्चस्तरीय जांच के लिए लैब भेजा जायेगा। फिलहाल इसे सुरक्षित रखने के उद्देश्य जब्त कर लिया गया है।
-डा.धर्मेंद्र यादव, पशु चिकित्साधिकारी