ब्रजघाट। गंगानगरी में शुक्रवार की रात इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया। बाजार में सड़क किनारे मासूम भाई-बहन बेसहारा हालत में सोते हुए मिले। राहगीरों की नजर जब दोनों बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। कुछ ही देर में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
पुलिस के अनुसार करीब छह वर्ष की बच्ची और उसका चार वर्षीय भाई काफी देर से सड़क किनारे अकेले पड़े थे। दोनों बच्चों के पिता किसी मामले में जेल में बंद हैं। जबकि, उनकी मां उन्हें ब्रजघाट में छोड़कर चली गई। वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम श्रीराम यादव ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को मौके पर भेजा।
प्रशासन की टीम ने दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) भेज दिया गया, जहां उनकी देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी। अधिवक्ता हेमंत गौड़ का कहना है कि यदि समय रहते राहगीरों की नजर बच्चों पर नहीं पड़ती तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। लोगों ने प्रशासन की तुरंत कार्रवाई की सराहना करते हुए बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग की है।