श्रावण मास की पूर्णिमा पर विभिन्न प्रांतों से आए एक लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रावण मास की पूर्णिमा पर बृहस्पतिवार को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत वेस्ट यूपी के
जनपदों के श्रद्धालुओं का आगमन बुधवार देर शाम से ही शुरू हो गया था। आलम यह था कि सैकड़ों धर्मशाला, मंदिर और आश्रम परिसरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। गंगा में डुबकी लगाने के बाद अपने घरों को जाने के लिए ब्रजघाट रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई।
ट्रेन में चढ़ने के लिए लोग धक्कामुक्की करते दिखे। बता दें कि प्रतिमाह पूर्णिमा-अमावस्या से लेकर ज्येष्ठ दशहरा और कार्तिक मेले के दौरान इस तरह की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे बड़ी अनहोनी का खतरा बना रहता है। इसके बाद भी रेलवे प्रबंधन स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए तैयार नहीं है।