पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाने वाले भक्तों का आवागमन प्रारंभ हो गया है। इससे तीर्थनगरी में चहल-पहल बढ़ गई है। स्नान की तैयारियों और हाईवे पर जाम से निपटने के लिए बुधवार को पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा।
पौष पूर्णिमा पर बृहस्पतिवार को तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत वेस्टर्न यूपी के दूरस्थ जनपदों से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचेंगे। इसके मद्देनजर घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। मुख्य स्नानघाट पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस को तैनात किया गया है। साथ ही डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए गोताखोर भी सक्रिय रहेंगे। वहीं हाईवे पर जाम से निजात के लिए भी पुलिस मुस्तैद है।
प्राचीन पंचायती मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुरेंद्र प्रसाद शर्मा और भद्रकाली मंदिर के पुजारी पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि पौष पूर्णिमा पर मोक्ष दायिनी में आस्था की डुबकी लगाकर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र दान करने वाले पापों से मुक्त होते हैं।
इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने बताया कि पौष पूर्णिमा के मद्देनजर तीर्थ नगरी में बड़े स्तर पर भक्तों का आवागमन प्रारंभ हो गया है। नेशनल हाईवे को जाममुक्त रखने सहित भक्तों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं।
नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महगाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।