सर्वदा योजना के खत्म होते ही बिजली निगम के आला अधिकारियों ने बिजली चोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसडीओ द्वितीय के नेतृत्व में बुधवार को देहात अंचल में हुई छापामारी के दौरान 64 बिजली चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मुख्य अभियंता के औचक निरीक्षण में समीक्षा के दौरान एसडीओ पास हो गए। बड़े स्तर पर हो रही कार्रवाई की मुख्य अभियंता ने सराहना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर को 24 और देहात को 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति दिलाने के निर्देश दिए हैं।
बिजली चोरी के चलते यह सपना साकार नहीं हो पा रहा है। बिना कनेक्शन के बिजली का प्रयोग करने वाले उपभोक्ताओं को निगम अफसरों ने सर्वदा योजना के तहत करीब डेढ़ महीने का समय कनेक्शन लेने के लिए दिया था। इस महत्वपूर्ण योजना कुछ ही उपभोक्ताओं ने लाभ उठाया।
योजना के खत्म होते ही अब निगम अफसरों ने बिजली चोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को एसडीओ द्वितीय दीपांशु सहाय ने देहात अंचल में टीम के साथ छापामार अभियान चलाया। इसमें कटिया डालकर सीधी चोरी करने वाले 64 उपभोक्ताओं को उन्होंने रंगे हाथ पकड़ा।
सभी के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है, कार्रवाई से पूरे दिन देहात अंचल में हड़कंप मचा रहा। मुख्य अभियंता एसके गुप्ता ने भी औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की समीक्षा की, इसमें एसडीओ की कार्रवाई देख वह संतुष्ट दिखे।
उन्होंने एसडीओ समेत टीम को बधाई भी दी। एसडीओ दीपांशु सहाय का कहना है कि बिजली चोरों के खिलाफ सघन अभियान चल रहा है। उपभोक्ता या तो अपनी स्वेच्छा से कनेक्शन लें, अन्यथा पकड़ में आने पर उनके खिलाफ सीधी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।