खंड विकास कार्यालय के औचक निरीक्षण में दो कर्मचारियों के गैर हाजिर मिलने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही जन शिकायतों के फौरी निपटारे सहित जन कल्याणकारी योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
एसडीएम आरएन पांडेय बृहस्पतिवार दोपहर खंड विकास कार्यालय पहुंचे। यहां बिना सूचना के दो कर्मचारियों के गैरहाजिर मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने दस्तावेज, विकास कार्यों का लेखाजोखा, हाजिरी रजिस्टर, कार्यालय के रखरखाव और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यालय में आने वाली शिकायतों का फौरी तौर पर निपटारा, शासन की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार कराने के साथ ही बेहतर ढंग से क्रियान्वयन और कार्यालय की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के शेरपुर आलापुर गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, पेयजल व्यवस्था और नालियों की स्थिति देखी। मुजीब खां और खिल्लू खां के नेतृत्व में ग्रामीणों ने
सरकारी स्कूल के पास सड़क पर जलभराव और एएनएम सेंटर में तैनाती न होने की शिकायत की। एसडीएम ने बताया कि सड़क पर होने वाले जलभराव की समस्या बहुत जल्द दूर हो जाएगी। साथ ही जच्चा बच्चा केंद्र में एएनएम की तैनाती कराई जाएगी।